This blog is collection of my old and new poems written in span of last 12 years... they are posted as they were originally ..no alteration... being in Maharashtra since almost 7 years I have lost touch with HINDI ...my favorite language... therefore trying to reconnect /feel connected via blog..!
Friday, October 20, 2023
random musings
Sunday, May 15, 2005
hastakshar
पन्नो पर जीवन के ?
हस्ताक्षर उनके जो करीब हैं ,
और उनके जो अपरिचित हैं अब तक ,
अपरिचित मुझसे /
अपरिचित स्वयं से .....
हस्ताक्षर मेरे उनके जीवन पर ,
होंगे क्या उतने ही गहरे /
भेद भरे ?
आरम्भ है एक स्मित से ,
स्वागत , नयनो के रास्ते ,
आकांक्षाओं के बढ़ाते ही /
परिचय होता है एक अपरिचित मन से ,
छिपा बैठा है उनके भीतर ,
वेदना से भरा ,
स्वयं से अजान , बोध के परे .....
रहस्यमय हस्ताक्षर उनके ,
सहेज के रखे हैं मैंने ,
परिचय की आशा में ….
Thursday, February 26, 2004
क्षण और प्रण
क्षण मेरे और प्रण मेरे ,
साथ नहीं हैं एक दूजे के ,
छूट जाते हैं हाथों से ,
फिसलती रेत की तरह .......
तन और मन का साथ है जैसे,
जुड़ता घटता एक दूजे से ,
बोध नहीं है मन को तन का ,
तन को मन का भान नहीं है,
क्षण मेरे और प्रण मेरे ........
आल्हादित जब कर जाते हैं ,
मन ऐसे जो जुड़े हैं मुझसे,
मेरे दुःख फिर खो जाते हैं,
भंवर में कही ।
मन उनके और मन मेरा जुड़े हैं कैसे ?
एक दूजे से ,
जलधि एक उदधि में जैसे .
क्षण मेरे और प्रण मेरे ...................
प्रण मेरे जब खो जाते हैं ,
सुख उन्हें खो देने का ,
दे जाता है एक नया प्रण मुझे ,
संकल्प कुछ नया करने का
गुंजित मेरा मधुबन है ,
सुन्दर स्वप्नों से भरा ,
अभिहित नवांकुर त्रुशों से
क्षण मेरे और प्रण मेरे ...........
Sunday, March 30, 2003
सत्य
Saturday, March 8, 2003
अप्राप्य
Sunday, January 5, 2003
झिलमिलाते सितारे
झिलमिलाते सितारे ,
आकाश की अनंत सीमा के परे
झांकते देखते हमें,
प्यारे लगते हैं खुले आसमान के तले
अभिमान है अपनी आभा का जिन्हें...
झिलमिलाते सितारे,
अमूल्य है उन नेत्रों के भले
बरबस ही छलक पड़ते हैं
किसी आत्मीय की स्मृति के साथ
अविस्मरनीय घटनाओ की याद
ह्रदय की गहराईओं में छिपे
झाकते -देखते हमे,
प्यारे लगते हैं ये भी
आकाश की अनंत सीमा को तुच्छ करते
झिलमिलाते सितारे,
मन मयूर के सुखद स्वप्नों के साथ
किसी दुर्दांत सत्य से जब हो दो- चार हाथ
किसी अभिन्न की जब चुभती है बात
अपने अनन्य से वार्ता के बाद,
भावनाओ की गहरायियो के तले
प्यारे लगते हैं
मत रोको इन्हें
छलक जाने दो इन्हें ...
झिलमिलाते सितारे ,
आकाश की अनंत सीमा के परे
Tuesday, September 24, 2002
मेरा ईश्वर
जब कभी ईश्वर के अस्तित्व पर प्रश्न उठता है
अगला प्रश्न उठता है " यह प्रश्न कैसे ? "
क्या मुझे विश्वास नहीं
पंछियों के मधुर कलरव पर ?
आकाश की अनंत सीमा पर ?
तरु-वृन्दों की निश्छलता पर ?
जुगनू की जगमगाहट पर?
क्या मुझे विश्वास नहीं ?
इस असंख्य जनसमूह की एकरूपता पर
इन मानवीय रिश्तों की मधुरता पर ?
स्वयामंगों के निर्दोष संचलन पर ?
विविध जीवो के विचित्र संकरण पर ?
क्या मुझे विश्वास नहीं?
इस तपोवन पर?
मनुष्य के अथक श्रम पर?
मानव मात्र के कर्म पर?
इस निर्विवाद जीवन पर...
फिर ईश्वर के होने पर ,
प्रश्न कैसे ?
इश्वर यही कहीं है,
क्रमिक घटनाओ से मुझे उबारता,
स्वयम ही अपने स्वर को निखारता,
अटल अचल समरूप है वह,
वह हर कही है,
प्रश्नों की सीमा से परे है वह,
वह यही कही है,
वह यही कही है...
व्यथित होकर क्या मिलेगा ?
जीवन है संचय असंख्य तुषार कणों का
प्रयत्न करोगे जितना
समेटने का इन्हें
उतना ये बिखर जायेंगे
ह्रदय मलिन कर जायेंगे
व्यथित होकर क्या मिलेगा ?
आकांक्षाओ के कथित क्षितिज पर,
चढ़ना चाहते हो उच्च शीर्ष पर ,
अपने अंक में भरकर सर्वस्व ,
कैसे तुम चढ़ पाओगे ?
त्याग लोभ को चढो धैर्य से ,
क्षितिज पर अवश्य पहूच पाओगे,
शीघ्रता से क्या मिलेगा ?
देखी हर घटना निज दृष्टि से ,
स्वयं कर लेते हो निर्णय इसका ,
'कौन ' सही था 'कौन ' गलत था
नयी दृष्टि से जब देख पाओगे
संशय से दूर हट जाओगे
ह्रदय संतोषमय होगा
व्यर्थ अभिमान से क्या मिलेगा ?
व्यथित होकर क्या मिलेगा ?
व्यथित होकर क्या मिलेगा ?
Tuesday, December 11, 2001
शुन्य
अनजान राहें , अनजान हमसफ़र
चलते जा रहे हैं एक शुन्य की ओर
शुन्य का कोई क्षितिज नहीं है
धरती और अम्बर कही विलीन ही नहीं है
शुन्य की तलाश में भागते- दौड़ते
स्वयं को सहेजते समेटते
असंख्य लोग दिख जाते हैं
एक दुसरे से आगे निकालने की होड़ में
अस्तित्व सिध्धि की रेलमपेल में
राहगीरों को नोचते खसोटते
स्वार्थ्परिता की कशमकश में
अपने लिए
भीड़ को दुत्कारते तिरस्कृत करते ये लोग
चलते जा रहे हैं
अनजान राहें अनजान हमसफ़र
सुखद संभावनाओ से भरी है डगर
दूर कहीं प्रकाश पुंज जरुर है
शुन्य के अँधेरे को मुह चिडाता हुआ...
Saturday, November 11, 2000
अभिव्यक्ति
इस गुंजित मधुबन में क्या तुमने रहना चाहा ?
नैनों के इस अपराध पे मैंने कहा इस दिल से,
कौन है जो छुपा हुआ है ?
अपने आज में महक रहा है..
मेरे समक्ष आने में उसे क्या इनकार है ?
क्या वह भी मेरी तरह कुंठाओं से लाचार है ?
उसके अस्तित्व की कल्पना से ,
मैं रोमांचित हो उठती हूँ ,
क्या वह वैसा ही होगा जैसा मैं सोचती हूँ ?
सोचती हूँ ,
अगर वह है तो ,
इसी धरा पे रहता होगा,
मेरी तरह वह भी "किसी " के विषय में सोचता होगा।
गर वो मुझे स्वीकार हुआ तो क्या मैं हाँ कह पाऊँगी ?
क्या मैं उससे मुक्त कंठ से अपनी वार्ता कर पाऊँगी?
वह भी अपने किसी एकांत पल में,
सोचता होगा "किसी " व्यक्तित्व के विषय में,
जिसके अपनेजीवन में पदार्पण का उसे इंतजार होगा ,
उसे भी अपनी इस अभिव्यक्ति का पूरा अधिकार होगा।
यह संशय मेरे जीवन का सबसे बड़ा संशय होगा,
जिससे निकल पाना मेरे लिए असंभव होगा ।
सोचती हूँ ह्रदय की
चंचलता को नैनों में ही रहने देना होगा ,
उसकी सहज अभिव्यक्ति का इंतजार मुझे करना होगा...
इंतजार मुझे करना होगा....
इंतजार मुझे करना होगा....!!
Wednesday, November 8, 2000
स्वप्न
अनंत इच्छाओं को वे,
जागृत करके जाते क्यों हैं?
स्वप्न सलोने आते क्यों हैं?
अस्तित्वहीन से वे विचार,
अकल्पनीय से वे आचार,
कभी पूर्ण तो कभी अधूरे,
प्रश्नचिन्ह को लिए संग में,
मोहित करके जाते क्यों हैं?
स्वप्न सलोने आते क्यों हैं?
कभी विकराल भयानक से,
सारी रात जगाने वाले,
कभी परियों के संग हमे भी,
परीलोक ले जाने वाले....
कभी असंभव कभी अघटित,
अप्राप्य , अमूल्य , इष्ट वस्तु का,
मन में मोह जागते क्यों हैं ?
स्वप्न सलोने आते क्यों हैं?
स्वप्नों के वे भाव भयानक,
स्वप्नों के वे मधुर कथानक,
अपरिमित ब्रम्हांड के वे,
ध्रुड रहस्य उलझाते क्यों है?
स्वप्न सलोने आते क्यों हैं?
स्वप्न सलोने आते क्यों हैं?
Saturday, July 8, 2000
प्रथम कविता
कल आज और कल
बीतें नहीं ये मधुर पल
रिश्तों के ये मधुर बंधन
जिनमे न हो कोई अनबन
मन मेरा करता है की इन रिश्तों में खो जाऊ
इन स्वर्णिम सुखमय क्षणों को कैसे मैं भुलाऊ
अनजाने अपरिचित सब अपने हो गए
इस स्वप्निल मन के हरक्षण सहचर हो गए
दुःख सुख आश निराश के पा जाओ
जीवन मधुमय करके इन रंगों में खो जाओ